भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज़ के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। साल 2026 की शुरुआत भारत इसी सीरीज़ से करेगा। इस दौरे में न्यूजीलैंड की टीम भारत में तीन वनडे और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगी। टी20 सीरीज़ के लिए टीम पहले ही घोषित की जा चुकी थी, जबकि 3 जनवरी को हुई चयन समिति की बैठक के बाद वनडे टीम सामने आई।

वनडे सीरीज़ में टीम की कमान एक बार फिर शुभमन गिल को सौंपी गई है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज़ में शुभमन गिल चोट के कारण बाहर रहे थे, उस दौरान केएल राहुल ने कप्तानी संभाली थी। अब पूरी तरह फिट होकर गिल की वापसी हो गई है और न्यूजीलैंड के खिलाफ वह टीम का नेतृत्व करते नजर आएंगे।

टीम में श्रेयस अय्यर की भी वापसी हुई है, जिन्हें उपकप्तान बनाया गया है। हालांकि, बीसीसीआई ने साफ किया है कि श्रेयस को अभी तक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं मिला है। ऐसे में वह तभी टीम के साथ जुड़ेंगे, जब मेडिकल टीम से उन्हें हरी झंडी मिल जाएगी। ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान फील्डिंग करते समय श्रेयस को गंभीर चोट लगी थी, जिसके चलते वह साउथ अफ्रीका सीरीज़ से बाहर रहे थे।

श्रेयस की वापसी के साथ ही ऋतुराज गायकवाड़ को टीम से बाहर होना पड़ा है। गायकवाड़ ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिले मौके का अच्छा इस्तेमाल किया था और एक शानदार शतक भी जड़ा था। लेकिन चयनकर्ताओं ने अनुभव को प्राथमिकता देते हुए श्रेयस को दोबारा मौका दिया है।

पंत पर चयनकर्ताओं का भरोसा कायम

विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल के साथ ऋषभ पंत को एक बार फिर टीम में जगह दी गई है। हाल के दिनों में पंत के वनडे फॉर्म को लेकर सवाल उठे थे। विजय हजारे ट्रॉफी में भी उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा था, जिसके बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि ईशान किशन को वनडे टीम में वापस बुलाया जा सकता है। हालांकि, चयनकर्ताओं ने पंत पर भरोसा बनाए रखा है और ईशान किशन को अभी और इंतजार करना होगा।

इसके अलावा, ध्रुव जुरेल को भी वनडे टीम में शामिल नहीं किया गया है। पंत को दूसरे विकेटकीपर के रूप में बनाए रखने से साफ है कि मैनेजमेंट अब भी उनके अनुभव और मैच जिताने की क्षमता को अहम मान रहा है।

शमी की अनदेखी जारी

तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वनडे टीम में वापसी एक बार फिर नहीं हो पाई है। शमी ने आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जिसके बाद उन्होंने सर्जरी कराई थी। घरेलू क्रिकेट में वापसी के बाद उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में शामिल नहीं किया।

चीफ सिलेक्टर अजीत आगरकर पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि शमी की फिटनेस अब भी चयन में सबसे बड़ा सवाल है। वहीं, इस सीरीज़ के लिए मोहम्मद सिराज की टीम में वापसी हुई है। हाल के महीनों में वह ज्यादातर टेस्ट क्रिकेट तक सीमित हो गए थे, लेकिन अब वनडे टीम में भी उन्हें जगह दी गई है।

जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या को वनडे सीरीज़ से आराम दिया गया है। बीसीसीआई के अनुसार, हार्दिक के वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि वह टी20 वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह फिट रह सकें।

टीम संयोजन और युवा चेहरों को मौका

टीम में यशस्वी जायसवाल, नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा जैसे युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है। स्पिन डिपार्टमेंट में रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर जैसे अनुभवी नाम मौजूद हैं, जो टीम को संतुलन देते हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज़ के लिए भारतीय टीम:

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान)*, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, नीतीश कुमार रेड्डी, यशस्वी जायसवाल

*फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन

भारत बनाम न्यूजीलैंड शेड्यूल:

11 जनवरी – पहला वनडे, वडोदरा
14 जनवरी – दूसरा वनडे, राजकोट
18 जनवरी – तीसरा वनडे, इंदौर
21 जनवरी – पहला टी20, नागपुर
23 जनवरी – दूसरा टी20, रायपुर
25 जनवरी – तीसरा टी20, गुवाहाटी
28 जनवरी – चौथा टी20, विशाखापत्तनम
31 जनवरी – पांचवां टी20, तिरुअनंतपुरम

अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया साल की शुरुआत किस अंदाज़ में करती है और क्या यह टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी दबदबा कायम रख पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *